खरगोन। जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के ग्राम बागदा बुजुर्ग के केदारनाथ मोहल्ले में शराबियों के कथित हुड़दंग और आए दिन होने वाले पथराव से रहवासी परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे नाराज ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शिकायती आवेदन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया कि मोहल्ले में कुछ बाहरी लोग शराब का सेवन कर आए दिन हंगामा करते हैं। नशे की हालत में घरों पर पथराव करने के साथ रहवासियों को परेशान किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ मामलों में बच्चों पर मिर्च पाउडर फेंकने जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में थाना बड़वाह में शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि घटनाएं किसी एक परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मोहल्ले के कई घरों के लोग कथित तौर पर इससे प्रभावित हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कराने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मोहल्ले में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।