शाजापुर। भारतीय जनता पार्टी के शाजापुर के वरिष्ठ नेता चंदर सिंह सौराष्ट्रीय को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों, स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों में उत्साह का माहौल है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
जनसंघ के दौर से जुड़ा राजनीतिक सफर-
चंदर सिंह सौराष्ट्रीय लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं। बताया गया कि उनका राजनीतिक सफर भारतीय जनसंघ के दौर से शुरू हुआ। संगठन के शुरुआती संघर्ष के दौर से ही वे पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे। आपातकाल सहित संगठन के विभिन्न संघर्षपूर्ण दौर में भी उन्होंने सक्रियता के साथ कार्य किया।
भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद भी वे लगातार संगठन से जुड़े रहे और पार्टी की गतिविधियों में अपनी भूमिका निभाते रहे। उनके समर्थकों का कहना है कि उनका लंबा राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।
समाजजनों और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई-
नियुक्ति के बाद आयोजित स्वागत समारोह में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, स्थानीय समाजजन एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने चंदर सिंह सौराष्ट्रीय का माला पहनाकर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अरविंद चौहान सरपंच, हिम्मत सिंह सौराष्ट्रीय, जयकिशन सौराष्ट्रीय, अनिल मालवीय, भेरूलाल कोहली सरपंच, अर्जुन गुर्जर, पत्रकार दिलीप सौराष्ट्रीय, हर्षित सौराष्ट्रीय, मोहन कोहली पूर्व सरपंच, राजेश सौराष्ट्रीय, शिवनारायण चावड़ा, संतोष परिहार, दीपक धानुक सहित इष्ट-मित्र एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपस्थित वरिष्ठजनों ने कहा कि संगठन ने लंबे समय से जुड़े वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ता को प्रदेश कार्यसमिति में जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है। इससे शाजापुर जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने के साथ संगठन को भी मजबूती मिलेगी।
पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का भरोसा-
स्वागत से अभिभूत चंदर सिंह सौराष्ट्रीय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसेवा एवं संगठन के कार्यों के लिए समर्पित रहा है और आगे भी पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करते रहेंगे।