नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘हल्ला बोल’ आंदोलन के दौरान गांधी भवन से भारत माता चौराहे तक निकाले गए पैदल मार्च में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार धक्का-मुक्की एवं तीखी झड़प देखने को मिली। आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रावण रूपी पुतले सहित दो पुतलों का दहन किया।
कांग्रेस ने सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों, बालाघाट के बैहर-परसवाड़ा क्षेत्र में कुपोषण से आदिवासी बच्चों की मौत तथा इंदौर में कथित जहरीली कफ सिरप मामले को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, जिला प्रभारी एवं सुसनेर विधायक भैरों सिंह बापू तथा पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल मार्च में शामिल हुए।
मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रावण रूपी पुतले सहित दो पुतलों का दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार कर तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रहे गंभीर मामलों को लेकर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही।