BREAKING NEWS
KHABAR : भारतीय जनसंघ के दौर से निष्ठावान सेवा का.. <<     KHABAR : श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में.. <<     KHABAR : सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक लंबित.. <<     KHABAR : श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में.. <<     KHABAR : गुर्जर समाज के विकास और एकता को लेकर अहम.. <<     BIG NEWS : मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, 21 साल बाद एमपी.. <<     BIG NEWS : पीआईसी सदस्यों ने 15 करोड़ से अधिक के विकास.. <<     KHABAR : किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान.. <<     KHABAR : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर.. <<     BIG NEWS : निर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा, दो.. <<     KHABAR : जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की.. <<     KHABAR : राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण एवं.. <<     NEWS : मादक पदार्थ तस्करी में जब्त 31 वाहनों की.. <<     KHABAR : कृति संस्था का हिंदी दिवस पर ‘राम कथा में.. <<     KHABAR : कलेक्टर चंद्रा ने जनसुनवाई में सुनी 65.. <<     KHABAR : आम रास्ते पर अतिक्रमण से स्कूल जाने वाला.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
September 8, 2026, 6:54 pm
KHABAR : भाजपा जिला कार्य समिति एवं संगठनात्मक कार्यशाला रतनगढ़ में संपन्न, 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जिलेभर में चलेगा सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम, पढ़े खबर

Share On:-

नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की जिला कार्य समिति बैठक एवं संगठनात्मक कार्यशाला सोमवार को रतनगढ़ स्थित जाट रोड के स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा सामुदायिक भवन में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार किया गया। बैठक का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ।

कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, अशोक विक्रम सोनी, नरेंद्र मालवीय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जानीबाई धाकड़, जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण, नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई गुर्जर एवं सेवा संकल्प अभियान संयोजक हेमंत हरित मंचासीन रहे।

भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ-
बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने मंचासीन अतिथियों का भाजपा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

बूथ को मजबूत बनाने पर जोर-
भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने जिलेभर से आए वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन की प्राथमिक इकाई बूथ को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को ‘बूथ जीतो-चुनाव जीतो’ के संकल्प के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने प्रत्येक मंडल में पन्ना प्रमुख एवं बूथ समितियों को सक्रिय करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर सांसद ने रखा पक्ष- 
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने निरंतर प्रगति की है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक रूप से मजबूत भारत बनाना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, सक्षम और विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाना है।

उन्होंने सड़क, रेलवे, एयर कनेक्टिविटी और आधुनिक आधारभूत संरचना के विस्तार के साथ गरीबी कम करने, हर घर बिजली एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया।

सांसद ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र एवं बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का प्रभावी जवाब देने का आह्वान किया।

बूथ स्तर तक पहुंचेंगे सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम

जिला प्रभारी सुभाष पटेल ने आगामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर संगठनात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री का जन्मदिवस जिला एवं मंडल स्तर तक सीमित न रहकर बूथ स्तर तक सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत रचनात्मक सेवा कार्य, स्वच्छता अभियान एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

औद्योगिक विकास से जिले को नई दिशा देने पर जोर-
पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नीमच जिले को प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने जिले में औद्योगिक विकास को गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया और अपने मंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।

उन्होंने जावद क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में डिकेन स्थित सौर ऊर्जा परियोजना की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जावद विधानसभा क्षेत्र ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और यहां उत्पादित बिजली देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच रही है।

किसान कल्याण और आधुनिक खेती पर जोर-
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने ‘विरासत से विकास तक का पथ’, महिला सशक्तिकरण एवं किसान कल्याण वर्ष विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने किसानों की समृद्धि एवं कृषि के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए उन्नत खेती अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सम्मान निधि, फसल बीमा, सिंचाई सुविधाओं एवं उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, टपक सिंचाई एवं जैविक खेती से जोड़ने का आग्रह किया।

गो-संरक्षण और जल संरक्षण पर चर्चा-
मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने गो-संरक्षण, जल संरक्षण, सिंहस्थ-2028 एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विचार रखे। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में पशुपालन एवं गो-संवर्धन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन के आधुनिक प्रबंधन पर भी अपने विचार रखे।

दिवंगत कार्यकर्ताओं को दी श्रद्धांजलि-
बैठक के दौरान भाजपा परिवार से जुड़े दिवंगत वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी गई। जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए दिवंगत व्यक्तियों के नामों का वाचन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजनीतिक प्रस्ताव का किया समर्थन-
जिला कार्य समिति की बैठक में जिला उपाध्यक्ष राकेश पप्पू जैन ने राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन किया, जिसका उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर समर्थन किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रस्ताव का भी समर्थन किया गया तथा केंद्रीय एवं प्रदेश संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

गुरु रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान की जानकारी जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास ने दी। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।

13 कार्यक्रमों के साथ चलेगा सेवा संकल्प अभियान-
सेवा संकल्प अभियान के संयोजक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत हरित ने बताया कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जिलेभर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

कार्यशाला के दौरान एलईडी एवं पीपीटी के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार ने प्रस्तुत की।

इनकी रही प्रमुख भूमिका-
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अशोक विक्रम सोनी ने किया तथा आभार जिला उपाध्यक्ष सतीश व्यास ने व्यक्त किया।

जिला कार्य समिति की बैठक में जनप्रतिनिधिगण, भाजपा जिला कार्य समिति के स्थायी एवं विशेष आमंत्रित सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रदेश मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी तथा अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा ने दी।

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE