नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का करें त्वरित निराकरण-
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए 50 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। खराब ग्रेडिंग एवं रैंकिंग वाले विभागों को निराकरण की गति बढ़ाकर स्थिति में सुधार लाने को कहा। परिवहन, किसान एवं कृषि कल्याण, महिला एवं बाल विकास, अनुसूचित जाति तथा राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की रैंकिंग में सुधार के निर्देश दिए।
30 सितंबर तक 65 प्रतिशत से कम न हो फार्मर रजिस्ट्री-
कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को राजस्व एवं कृषि विभाग के संयुक्त दल बनाकर क्षेत्र में कैंप आयोजित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर तक फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 65 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। कार्य में लापरवाही या निर्धारित दायित्व का निर्वहन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
आंगनवाड़ी और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा-
कलेक्टर ने स्वीकृत आंगनवाड़ियों के कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। नगर पालिका एवं नगर परिषद के अधिकारियों को नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें-
कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराकरण योग्य मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करें-
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। वहीं 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों के अनुसार समय पर तैयारी पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय से गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक, श्रुति भयडीया, चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।