बालाघाट। किरनापुर थाने में पति-पत्नी से कथित मारपीट के मामले को लेकर मंगलवार को मरार माली समाज के हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग किरनापुर पहुंचे और रैली निकालकर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजा देने की मांग की।
रैली के दौरान जब प्रदर्शनकारी थाने के सामने पहुंचे तो बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान कुछ लोगों ने थाने के सामने का गेट खोलकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, किया लाठीचार्ज
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया। कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान पथराव और हिंसा करने वालों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों द्वारा घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पति-पत्नी से मारपीट के आरोप को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शन का मुख्य कारण किरनापुर थाने में चोरी के एक मामले में आरोपी कैलाश चौधरी और उनकी पत्नी सावित्री के साथ कथित मारपीट का मामला है। समाज का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान दोनों के साथ मारपीट की गई। बताया गया कि घटना 2 सितंबर की है, जबकि मामला 7 सितंबर को सामने आया।
समाज के लोग इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
चार पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित
मामला सामने आने के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल बघेल और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को निलंबित कर दिया था।
एसपी ने मामले की जांच के लिए डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसआईटी का गठन भी किया है। एसआईटी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता सावित्री ने आरोप लगाया है कि रात के समय किरनापुर थाने में पुरुष पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। वहीं इस मामले को लेकर विधायक अनुभा मुंजारे ने थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, बर्खास्तगी और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है। वहीं मंगलवार को हुए प्रदर्शन और पथराव के बाद पुलिस द्वारा हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।