नीमच। क्रमांक-2 खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर शुक्रवार को खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने मैदान से रैली निकाली। रैली के दौरान खिलाड़ियों ने संदीपनी स्कूल का निर्माण खेल मैदान में नहीं किए जाने की मांग उठाते हुए प्रशासन से मैदान को सुरक्षित रखने की अपील की।
खेल प्रेमियों का कहना है कि क्रमांक-2 मैदान शहर के खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां विभिन्न खेलों का अभ्यास एवं आयोजन होता है। ऐसे में मैदान की भूमि को किसी अन्य निर्माण कार्य के लिए उपयोग किए जाने से शहर के खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं से वंचित होना पड़ेगा।
रैली के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मैदान बचाने के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
शनिवार को बाजार बंद का आह्वान-
आंदोलन के अगले चरण के रूप में खेल प्रेमियों ने शनिवार को बाजार बंद का आह्वान किया है। आंदोलनकारियों के अनुसार बाजार बंद को लेकर शहर के दुकानदारों से संपर्क किया गया है और उन्हें अच्छा समर्थन मिल रहा है।
खेल प्रेमियों ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से बाजार बंद में सहयोग करने की अपील की है। अब शनिवार को प्रस्तावित बाजार बंद के दौरान आंदोलन का असर देखने को मिलेगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि क्रमांक-2 खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।