नीमच। शहर के नंबर-2 खेल मैदान को बचाने की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। मैदान में सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्य को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और खेल प्रेमियों से चर्चा की।
जानकारी के अनुसार नंबर-2 खेल मैदान में सांदीपनि विद्यालय के लिए निर्माण कार्य शुरू किया गया था। निर्माण की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और काम का विरोध करते हुए इसे रुकवा दिया।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि शहर में खेल गतिविधियों के लिए मैदान पहले से ही सीमित हैं। ऐसे में खेल मैदान की जमीन पर निर्माण होने से खिलाड़ियों और युवाओं के लिए उपलब्ध स्थान कम हो जाएगा। उनका कहना है कि मैदान शहर के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है और इसे सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
इसी मांग को लेकर स्थानीय लोगों एवं खेल प्रेमियों द्वारा ‘खेल मैदान बचाओ’ मुहिम चलाई जा रही है। उनका कहना है कि मैदान की जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले खिलाड़ियों, खेल संगठनों और स्थानीय नागरिकों की राय ली जानी चाहिए।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल अधिकारियों और खेल प्रेमियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। प्रशासन द्वारा मामले को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि नंबर-2 खेल मैदान का भविष्य क्या होगा? क्या यहां सांदीपनि विद्यालय का निर्माण जारी रहेगा या विरोध के बाद प्रशासन निर्माण को लेकर पुनर्विचार करेगा। फिलहाल खेल मैदान को बचाने की मुहिम जारी है और मामले में प्रशासन के अगले कदम का इंतजार है।