प्रतापगढ़। क्रीड़ा भारती प्रतापगढ़ एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पालीवाल गली के संयुक्त तत्वावधान में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनमचंद रैदास ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक गोविंद दुबे तथा विशिष्ट अतिथि बाबूलाल मीणा रहे।
इस अवसर पर अध्यापक भीमसेन पुरोहित ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल उपलब्धियों एवं देश के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अपना दमखम दिखाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा भारती प्रतापगढ़ के जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गेहलोत ने किया। वरिष्ठ अध्यापक शाकिर हुसैन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को अल्पाहार वितरित किया गया।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा मेजर ध्यानचंद के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।