नीमच। भारत सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आरटीसी नीमच, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा 24 अगस्त को ए यूनियन क्लब, नीमच और आरटीसी नीमच की टीम के बीच मैत्री फुटबॉल मैच आयोजित किया गया।
मैच का शुभारंभ आरटीसी नीमच के प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह एवं छोटन ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। रोमांचक और कड़े मुकाबले में आरटीसी नीमच की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की।
विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित-
पुरस्कार वितरण समारोह में उपविजेता टीम को मेडल एवं ट्रॉफी नगर पालिका नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने प्रदान की। वहीं विजेता आरटीसी नीमच की टीम को ट्रॉफी एवं मेडल आरटीसी नीमच के प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदान किए।
इस अवसर पर कमांडेंट कुलदीप यादव, उप कमांडेंट बिजेंद्र कुमार दास, सहायक कमांडेंट कमल कुमार आचार्य सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। मैत्री मैच के माध्यम से खिलाड़ियों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।