नीमच। शहर के नंबर-2 खेल मैदान की जमीन को सुरक्षित रखने की मांग और सांदीपनी स्कूल के प्रस्तावित निर्माण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एक ओर खेल मैदान बचाओ मुहिम तेज होती नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर पालक संघ एवं कुछ संगठनों ने सांदीपनी स्कूल का निर्माण शुरू किए जाने का स्वागत किया है। ऐसे में शहर में इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग मत सामने आने लगे हैं।
अल्प सूचना पर भी दुकानदारों ने दिया समर्थन-
खेल मैदान बचाने की मांग को लेकर खेल प्रेमियों की ओर से किए गए आह्वान पर शहर के कई दुकानदारों ने अल्प सूचना के बावजूद अपनी दुकानें बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया। खेल प्रेमियों का कहना है कि नंबर-2 मैदान शहर के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है और यहां किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जाना चाहिए।
आगे की रणनीति अभी तय नहीं-
खेल प्रेमी कीर्ति पांचोली ने बताया कि फिलहाल आंदोलन की आगामी रूपरेखा तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि खेल प्रेमियों की मुख्य मांग मैदान को निर्माण से मुक्त रखते हुए इसे खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की है।
स्कूल निर्माण के समर्थन में भी सामने आया पक्ष-
वहीं दूसरी ओर पालक संघ और कुछ संगठनों की ओर से सांदीपनी स्कूल के निर्माण कार्य शुरू किए जाने का स्वागत किया जा रहा है। उनका मानना है कि शहर में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के लिए स्कूल का निर्माण आवश्यक है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के रुख पर निगाहें-
खेल मैदान बचाने की मांग और स्कूल निर्माण के समर्थन में सामने आ रहे अलग-अलग पक्षों के बीच अब सभी की निगाहें प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के रुख पर टिकी हैं। शहरवासियों को उम्मीद है कि दोनों पक्षों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकले, जिससे खेल गतिविधियों और शिक्षा दोनों के हितों का संतुलन बना रहे।