भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के सामने आज ग्राम नेवली के निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण हमले में गंभीर रूप से घायल युवक नंदकिशोर पर पुलिस द्वारा धारा 327 दर्ज किए जाने का विरोध कर रहे थे। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
यह है पूरा मामला?
पीड़ित परिवार के सदस्य रूप सिंह बैरागी और ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम नेवली निवासी नंदकिशोर गत 21 सितंबर को अपनी ससुराल धनियाखेड़ी गया हुआ था। आरोप है कि वहां सोते समय राहुल बैरागी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर दिया और गंभीर रूप से घायल नंदकिशोर पर ही धारा 327 का मामला बना दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस से कई बार गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें चक्काजाम करने पर मजबूर होना पड़ा।
अधिकारियों ने दी समझाइश
चक्काजाम की सूचना मिलते ही रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को समझाइश देकर लगभग आधे घंटे से चल रहा चक्काजाम समाप्त करवा दिया गया है। मामले में नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों का मुख्य विरोध धारा 327 लगाए जाने को लेकर है। पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन ले लिया गया है और मामले की जांच कर न्यायसंगत कदम उठाए जाएंगे।