गुना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बालाजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साए परिजनों ने महिला का शव नर्सिंग होम के पास ओवरब्रिज पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि महिला का इलाज डॉ. आरबी धाकड़ के यहां चल रहा था। उनका कहना है कि नर्सिंग होम में इलाज के लिए करीब एक लाख रुपये जमा किए गए थे, लेकिन डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे। इसके बाद महिला की मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजन डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।