नीमच। भाटखेड़ा-डूंगलावदा मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण के दौरान देवनारायण भगवान के बोर्ड को पोकलेन मशीन से उखाड़कर कचरे में फेंकने का आरोप सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद गुर्जर समाज में नाराजगी देखी गई। रविवार को बड़ी संख्या में समाजजन नीमच कैंट थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
ओबीसी महासभा के उज्जैन संभाग अध्यक्ष देवा गुर्जर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि डूंगलावदा स्थित देवनारायण सर्किल पर लगा बोर्ड सड़क निर्माण के दौरान हटाया गया। समाजजनों का आरोप है कि बोर्ड को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखने के बजाय कचरे और गंदगी में डाल दिया गया।
समाजजनों ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए बोर्ड हटाना आवश्यक था तो स्थानीय लोगों को सूचना देकर उसे सम्मानजनक तरीके से सुरक्षित स्थान पर रखा जा सकता था। धार्मिक आस्था से जुड़े बोर्ड के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
देवा गुर्जर ने ज्ञापन का वाचन करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बोर्ड हटाने में प्रयुक्त पोकलेन मशीन को जब्त करने की मांग की। समाजजनों ने प्रशासन को तीन दिन में कार्रवाई का समय देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।