नीमच/जीरन। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम टिकीरूंडी में विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। गांव की सावाबाई पत्नी छगन नाथ ने जीरन पुलिस थाने में आवेदन देकर धनोरियाकलां निवासी दिनेशनाथ पिता माधुनाथ, बादलनाथ पिता माधुनाथ, सूरजनाथ पिता माधुनाथ, अरविन्दनाथ पिता रमेशनाथ, रविनाथ पिता रमेशनाथ और विशाल पिता मिट्टूनाथ के खिलाफ शिकायत की है।
शिकायत में सावाबाई ने आरोप लगाया कि 25 सितंबर की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उक्त लोग शराब के नशे में उनके घर के पास पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद के दौरान घर की बाउंड्रीवॉल में भी तोड़फोड़ की गई। सावाबाई ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग आए दिन उनके घर के बाहर शराब के नशे में गाली-गलौज करते हैं और परिवार को परेशान करते हैं।
पुत्र का गला पकड़ने का आरोप-
सावाबाई ने शिकायत में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके पुत्र का गला पकड़कर जान से मारने का प्रयास किया गया। उन्होंने परिवार को भविष्य में भी नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा और नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।