चित्तौड़गढ़। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत सेवा सेतु सप्ताह के अंतर्गत पंचायत समिति भूपालसागर मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत भूपालसागर में आयोजित शिविर का जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता और समयबद्ध रूप से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
पेंशन, आवास की किस्त और पट्टे वितरित-
शिविर में पात्र लाभार्थियों को पेंशन पीपीओ, आवास योजना की तृतीय किस्त एवं आवासीय भूमि के पट्टे वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बच्चों के जन्मदिवस पर केक काटकर खुशियां साझा की गईं। वहीं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र लाभार्थी को 2500 रुपए का चेक प्रदान किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने विभागवार उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपखंड कार्यालय का भी किया निरीक्षण-
इसके बाद जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने भूपालसागर उपखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से जुड़े प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।