देवास। गणेशोत्सव के अंतिम दिन देवास शहर में गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। गाजे-बाजे, आकर्षक झांकियों और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए रवाना किया। विदाई के इस पल में भक्तों के चेहरों पर उत्साह के साथ भावुकता भी नजर आई।
देर रात करीब 2 बजे खेड़ापति मंदिर से 87वीं और आखिरी गणेश प्रतिमा चार झांकियों के साथ विसर्जन चल समारोह में शामिल हुई। अंतिम प्रतिमा के निकलते ही शहर में कई दिनों से जारी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह का विधिवत समापन हुआ।
पूरे समारोह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर मौजूद रहे। देर रात तक शहर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा और भक्त उत्साह के साथ चल समारोह में शामिल होते रहे। अंतिम प्रतिमा के रवाना होने के साथ ही गणेशोत्सव की रौनक विदाई के भावुक क्षणों में बदल गई।
विसर्जन चल समारोह के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत, एसडीएम अभिषेक शर्मा, तहसीलदार हरिओम ठाकुर, कपिल गुर्जर, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित विभिन्न थाना प्रभारी और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अन्य जिलों से भी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासन और पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से देर रात तक चल समारोह जारी रहा। 87वीं और आखिरी गणेश प्रतिमा के निकलने के साथ ही इस वर्ष के गणेश विसर्जन चल समारोह का समापन हुआ और भक्तों ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी।