नीमच। राधा देवी रामचंद्र ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, भाटखेड़ा, नीमच में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 24 एवं 25 सितंबर को आयोजित कार्यक्रमों में औद्योगिक भ्रमण, वेबिनार एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन सहित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रथम दिन 24 सितंबर को बी.फार्मा विद्यार्थियों का धानुका सोया प्रा. लि., जमुनिया कला, नीमच का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया, QC/QA लैब, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा मानकों एवं आधुनिक औद्योगिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कंपनी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न सोया उत्पादों के निर्माण तथा इंडस्ट्री में उपलब्ध करियर अवसरों से अवगत कराया।
दूसरे दिन 25 सितंबर को “Role of Pharmacist in Healthcare Sector” विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. कमलेश पाटीदार, MBBS, MD, कंसल्टेंट फिजिशियन, श्री राम मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नीमच ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका, दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग, मरीजों के मार्गदर्शन तथा डॉक्टर एवं फार्मासिस्ट के बीच समन्वय के बारे में जानकारी दी।
वेबिनार में डॉ. तस्नीम आरा, ड्रग इंस्पेक्टर एवं ड्रग एनालिस्ट ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने फार्मेसी प्रोफेशन में नियामक व्यवस्था, गुणवत्ता एवं दवाओं की निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा की। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि “जो विद्यार्थी जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं, वे अपने माता-पिता और शिक्षकों के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय होते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत एवं सीखने के लिए प्रेरित किया।
पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फार्मेसी, स्वास्थ्य जागरूकता एवं फार्मासिस्ट की भूमिका से संबंधित रचनात्मक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वीरेंद्र, बंटी, हरीश एवं यश ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान नंदिनी एवं पीयूष तथा तृतीय स्थान कृति, दीपश्री एवं हर्षिता ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन संजय मंगल एवं कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कल्पना पाटीदार ने विद्यार्थियों को विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फार्मेसी शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव एवं प्रोफेशनल कौशल भी आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को इंडस्ट्री, हॉस्पिटल एवं हेल्थकेयर सेक्टर की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को “कक्षा से उद्योग एवं समाज तक” फार्मासिस्ट की भूमिका को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक समझ, रचनात्मकता एवं प्रोफेशनल दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया।