मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद कई खेतों में अब भी पानी भरा हुआ है। लगातार नमी के कारण सोयाबीन की फसल खराब होने की शिकायत सामने आ रही है। किसानों के अनुसार कई जगह पौधों की जड़ें सड़ने लगी हैं, जिससे फसल को नुकसान पहुंच रहा है।
किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की शुरुआत में बारिश की कमी के कारण उन्हें दोबारा महंगे खाद-बीज खरीदकर सोयाबीन, उड़द और मूंगफली की बोवनी करनी पड़ी थी। इसके बाद लगातार बारिश होने से खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे सोयाबीन और उड़द की फसल प्रभावित हुई है।
किसानों ने पीला मोजेक, अफलन और इल्ली के प्रकोप की भी शिकायत की है। कुछ किसानों ने खराब हो चुकी फसल पर रोटावेटर चलाकर उसे नष्ट कर दिया। लगातार बारिश और खेतों में पानी जमा रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
कांग्रेस ने सर्वे और मुआवजे की मांग की-
फसल नुकसान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तत्काल सर्वे कराने तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की है।
जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पीला मोजेक, अफलन और घोड़ारोज जैसी समस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष लगातार मांग उठा रही है। उन्होंने प्रशासन से फसल नुकसान का सही आकलन कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित कर सर्वे कराने की मांग की।
शर्मा ने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाने की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की।