मंदसौर। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ा डांगी गांव से लापता 22 वर्षीय सुखदेव राठौर को पुलिस ने शनिवार को छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम से सकुशल खोज निकाला। बेटे के लापता होने से परेशान उसके पिता मोहनलाल दो दिन पहले मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वरुण तिवारी मौके पर पहुंचे और जल्द बेटे की तलाश करने का भरोसा दिलाया था।
इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश के लिए तकनीकी और मैदानी स्तर पर जांच शुरू की। पुलिस को जांच के दौरान सुखदेव के छतरपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम बागेश्वर धाम पहुंची और युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पत्नी के मायके जाने के बाद घर से निकला-
पुलिस की जांच में सामने आया कि पत्नी के मायके जाने के बाद सुखदेव तनाव में था। इसी दौरान वह बिना बताए घर से निकल गया था। पुलिस ने युवक को दस्तयाब करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सुखदेव के सकुशल मिलने की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल हो गया। बेटे के मिलने पर पिता मोहनलाल ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।