कुकड़ेश्वर। नीमच जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच कुकड़ेश्वर पुलिस ने आधी रात खेत पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया। हनुमंतिया गांव के पास एक खेत में पुलिस को 11 प्लास्टिक कट्टों में भरा 175 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खेत पर दबिश, 11 कट्टों में मिला डोडाचूरा-
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी मंगल सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हनुमंतिया गांव के पास बलवंत पिता रतनलाल रावत के खेत पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान खेत पर रखे 11 प्लास्टिक कट्टों में डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ का वजन कराया, जो कुल 175 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने डोडाचूरा जब्त करते हुए मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी हनुमंतिया निवासी-
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवंत पिता रतनलाल रावत (48), निवासी हनुमंतिया और हरिसिंह पिता बगदीराम रावत (45), निवासी हनुमंतिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ एवं जांच की जा रही है।