मंदसौर। दलोदा थाना क्षेत्र के कचनारा चौकी अंतर्गत नगरी फंटे पर गुरुवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। हादसे के बाद उसे टोल एंबुलेंस की मदद से मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 2 बजे उसने दम तोड़ दिया।
मंदसौर से गांव लौट रहा था युवक-
मृतक की पहचान राहुल पिता मनोहर सिंह, निवासी गोंदी शंकर, थाना रिंगनोद, जिला रतलाम के रूप में हुई है। राहुल मंदसौर में समूह लोन से जुड़े फाइनेंस का काम करता था। गुरुवार रात वह अपनी स्प्लेंडर बाइक क्रमांक एमपी 13 जेडवाय 0668 से मंदसौर से अपने गांव लौट रहा था। कचनारा के पास नगरी फंटे पर पहुंचने के दौरान अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राहुल के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार, पैरों की हड्डियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत-
हादसे की सूचना के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से राहुल को मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन रेफर किए जाने से पहले ही रात करीब 2 बजे राहुल ने दम तोड़ दिया।
फरार ट्रक चालक की तलाश-
राहुल के परिजन रविराज सिंह सोनगरा ने बताया कि राहुल रात में मंदसौर से अपने गांव जा रहा था, तभी नगरी फंटे पर अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।