पोलायकलां। दस दिवसीय गणेशोत्सव के समापन पर नगर में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ। इसी क्रम में नगर परिषद पोलायकलां के अध्यक्ष पवन राजकुमार ने विघ्नहर्ता मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर उन्हें विदाई दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगाए, जिससे विसर्जन स्थल भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया। ढोल-ढमाकों और जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में नजर आए।
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन और नगर परिषद की ओर से भी व्यवस्थाएं की गईं। तहसीलदार भागीरथ जायसवाल, नगर परिषद सीएमओ भगवान सिंह भिलाला एवं पोलायकलां चौकी प्रभारी दीपक धुर्वे की मौजूदगी में विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।गणेशोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे गूंजते रहे।