झाबुआ। 8 लेन एक्सप्रेसवे पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन द्वारा हाईवे से लगे ग्रामों के तड़वी, सरपंच, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं प्रबुद्धजनों की ग्राम स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ प्रतिपाल सिंह महोबिया ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए एक्सप्रेसवे पर होने वाली पथराव की घटनाओं की रोकथाम को लेकर चर्चा की। उन्होंने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों से सक्रिय रहकर पुलिस का सहयोग करने और क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील-
बैठक में पथराव की घटनाओं से जुड़े संभावित कारणों और ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर चर्चा की गई, जो इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त हो सकते हैं। पुलिस ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि या पथराव की घटनाओं से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आती है तो उसे गोपनीय रूप से पुलिस तक पहुंचाएं।
गांवों में भी जागरूकता बैठक कराने के निर्देश-
बैठक में उपस्थित सरपंचों से कहा गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में ग्रामीणों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और अन्य जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक कर एक्सप्रेसवे पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया ने कहा कि पथराव जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। ग्रामीणों से प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार राजेश जमरा, एसडीओपी थांदला राजेश सुलिया, थाना प्रभारी थांदला निरीक्षक तारा मंडलोई, चौकी प्रभारी खवासा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित ग्रामों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।