मुरैना। कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। इस्लामपुर में हुई मारपीट की शिकायत करने कोतवाली थाने पहुंचे फरियादी पक्ष पर आरोपियों ने थाने से बाहर निकलते ही हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले कार से टक्कर मारी और इसके बाद बेसबॉल के बल्ले तथा नुकीले लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि फरियादी पक्ष इस्लामपुर में हुई मारपीट की शिकायत करने कोतवाली थाने आया था। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर घात लगाकर बाहर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फरियादी पक्ष थाने से बाहर निकला, आरोपियों ने कार से उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को गंभीर स्थिति के चलते ग्वालियर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद थाने के सामने हुई मारपीट को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।