खरगोन। जिले के कसरावद में श्री गणेश उत्सव के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सकल हिंदू समाज संगठन कसरावद के तत्वावधान में नगर परिषद प्रांगण में ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ भव्य धार्मिक भजन संध्या एवं खाटू श्याम दरबार का आयोजन धूमधाम से किया गया। भक्तिमय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर रात तक चले भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर झूमते, तालियां बजाते और जयकारे लगाते नजर आए। कार्यक्रम स्थल पर बाबा खाटू श्याम जी का आकर्षक एवं मनमोहक दरबार सजाया गया था। भव्य साज-सज्जा के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लिया। दरबार में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और पूरा नगर परिषद प्रांगण भक्ति एवं श्रद्धा के माहौल से सराबोर नजर आया।
भजन संध्या में अंशिका सेन एवं ओपी पटेल म्यूजिकल ग्रुप की ओर से बाबा खाटू श्याम के एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। जैसे-जैसे भजनों का सिलसिला आगे बढ़ा, श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमने लगे। कार्यक्रम स्थल बाबा श्याम के जयकारों और तालियों की गूंज से गुंजायमान रहा।