मंदसौर। जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार और शनिवार को बारिश के बाद रविवार से गुरुवार तक लगातार पांच दिन जिले में बारिश नहीं हुई। गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। इसके साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बारिश की संभावना कम है, जबकि 26 सितंबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
इस साल अब तक 104.9 मिमी कम बारिश-
भू-संसाधन प्रबंधन विभाग की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, 24 सितंबर तक जिले में औसत 750.8 मिमी (29.56 इंच) बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 855.7 मिमी (33.69 इंच) बारिश हुई थी। इस तरह इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में 104.9 मिमी (4.13 इंच) कम बारिश दर्ज हुई है। जिले की सामान्य वार्षिक औसत बारिश 826.5 मिमी है। इसकी तुलना में इस वर्ष अब तक 75.7 मिमी बारिश कम हुई है।
मल्हारगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश-
24 सितंबर तक मल्हारगढ़ में जिले में सबसे अधिक 919 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद धुंधड़का में 845 मिमी, शामगढ़ में 809 मिमी, सुवासरा में 800.3 मिमी, गरोठ में 799.6 मिमी, मानपुरा में 760.6 मिमी, सीतामऊ में 739.3 मिमी, मंदसौर में 725 मिमी, भानपुरा में 708.2 मिमी, कयामपुर में 637.5 मिमी तथा संजीत में सबसे कम 526 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
26 सितंबर को बौछारों के आसार-
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 सितंबर को दिन का तापमान 33 से 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। 26 सितंबर के बाद तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। 27 और 28 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रहने का अनुमान है।
फिलहाल जिले में लगातार तेज बारिश का दौर नजर नहीं आ रहा है। अगले पांच दिनों में 26 सितंबर को बारिश की सबसे अधिक संभावना जताई गई है। इसके बाद 27 से 29 सितंबर के बीच मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।
गांधीसागर का जलस्तर 1302.30 फीट-
गुरुवार को गांधीसागर बांध का जलस्तर 1302.30 फीट दर्ज किया गया। पिछले वर्ष 24 सितंबर को बांध का जलस्तर 1311.20 फीट था। इस तरह पिछले वर्ष की इसी तारीख की तुलना में इस बार गांधीसागर का जलस्तर 8.90 फीट कम दर्ज हुआ है।