नीमच। श्री एस.आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ के साथ आसपास के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने समाजहित में इस सेवा कार्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में चेयरमैन संजुदेवी तिवारी, डायरेक्टर धर्मेश तिवारी, एडमिन मोहनलाल शर्मा एवं प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए इस सेवा कार्य में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सकती है। गणेश उत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जोड़ने का यह प्रयास विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का महाविद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया।