नीमच। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने, सौर ऊर्जा अपनाने तथा शासन की ओर से उपलब्ध ₹78,000 तक की सब्सिडी और ऋण सुविधा के संबंध में जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इन तारीखों में लगेंगे सेवा सेतु शिविर
योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए शिविरों का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
जीरन — 24 सितंबर 2026
रामपुरा — 1 अक्टूबर 2026
जावद — 5 अक्टूबर 2026
मनासा — 6 अक्टूबर 2026
नीमच — 7 अक्टूबर 2026
शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता, रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना, सब्सिडी एवं ऋण सुविधा सहित आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
योजना की विस्तृत जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, नीमच के संभागीय कार्यालयों एवं वितरण केंद्र कार्यालयों के साथ जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, जिला मंदसौर से संपर्क कर सकते हैं।