नीमच। मनासा क्षेत्र के गांधीसागर डेम के डूब क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई की। 23 सितंबर की रात जिला खनिज अधिकारी जगनसिंह भिड़े, प्रभारी खनिज निरीक्षक सुनील जाधव एवं टीम ने ग्राम खनाखेड़ी स्थित जीरो पॉइंट पर संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की।
बैकवाटर में रेत उत्खनन करते मिलीं 4 नाव-
कार्रवाई के दौरान ग्राम खनाखेड़ी के पास गांधीसागर डेम के बैकवाटर क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए चार नावें मिलीं। टीम ने चारों नावों को जब्त कर लिया। नावों को रखने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मौके पर ही पानी में डुबो दिया गया।
अवैध परिवहन करते डंपर जब्त-
इसी क्रम में ग्राम सेमली चन्द्रावत में जांच के दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डंपर क्रमांक RJ09GE9605 पकड़ा गया। खनिज विभाग की टीम ने डंपर को जब्त कर पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की अभिरक्षा में रखवा दिया।
जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।