झाबुआ। जिले के बामनिया-खवासा मार्ग पर गुजर रही लड़कियों के साथ मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा कथित बदसलूकी करने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पेटलावद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर थाना पेटलावद पुलिस ने ऑपरेशन मर्यादा के तहत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी ने बामनिया चौकी प्रभारी लाखनसिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपियों की पतारसी के लिए लगाया।
वायरल वीडियो से वाहन की पहचान-
पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-45-MT-3398 की पहचान की। वाहन के मालिक और संदिग्ध युवकों के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मर्यादा के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, स्टंटबाजी, महिलाओं एवं बालिकाओं से बदसलूकी तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।