मंदसौर। सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम दीपाखेड़ा में मंगलवार रात एक युवक के साथ मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने बुधवार सुबह मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने तीन लोगों पर लाठी और सरिए से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपाखेड़ा निवासी सुरेश पिता सीताराम सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे सुरेश गांव के बस स्टैंड पर कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान दशरथ, नागु सिंह और रामपाल नामक तीन लोग उसे अपने साथ ले गए। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने सुरेश के साथ मारपीट की।
भाई मौके पर पहुंचा तो भागे आरोपी-
परिजनों के अनुसार, सुरेश के भाई अर्जुन को सूचना मिली कि कुछ लोग उसके भाई को अपने साथ ले गए हैं। अर्जुन मौके पर पहुंचा तो उसने तीनों लोगों को सुरेश के साथ मारपीट करते देखा। अर्जुन को देखकर तीनों वहां से भाग गए। इसके बाद अर्जुन ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायल सुरेश को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान मौत-
परिजन रात करीब 12 बजे सुरेश को लेकर मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सुरेश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। बुधवार दोपहर तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीतामऊ के लिए रवाना हुए। लदूना चौराहे पर उन्होंने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के मकान तोड़ने, उनका जुलूस निकालने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग रखी।
एक साल पहले भाई से भी मारपीट का दावा-
परिजनों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले इन्हीं लोगों द्वारा अर्जुन के साथ भी मारपीट की गई थी। इस घटना में अर्जुन का हाथ फ्रैक्चर होने का दावा किया गया है। परिजनों के अनुसार, उस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपियों को जेल भेजा गया था।
एसपी बोले- दो आरोपी हिरासत में-
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि मामले में दशरथ और नागु सिंह को राउंडअप किया गया है। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।