चित्तौड़गढ़। बस्सी थाना पुलिस ने मिढकी महादेव जंगल में दंपति के साथ छीना-झपटी और लूटपाट के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए कानों की बालियां, नाक का कांटा, चांदी की चेन और एक अंगूठी बरामद कर जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बस्सी थानाधिकारी प्रेमसिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम में एएसआई हंसराज, कांस्टेबल विजेश और सौभागमल शामिल रहे।
पुलिस टीम ने प्रकरण में वांछित आरोपी रघुवीर पुत्र इन्द्रमल उर्फ इन्द्रिया कंजर, निवासी मंडावरी, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ को 15 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद गुरुवार को आरोपी की निशानदेही पर प्रकरण में लूटा गया सामान- कानों की बालियां, नाक का कांटा, चांदी की चेन और एक अंगूठी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से थाना क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर अनुसंधान किया जा रहा है। इस प्रकरण में आरोपी विष्णु कंजर और किशन कंजर को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।