मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी ड्रग और 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया है। पुलिस ने जब्त एमडी की कीमत करीब 10 लाख रुपए और डोडाचूरा की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर खिलचीपुर फंटे पर घेराबंदी-
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खिलचीपुर फंटे पर घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से एमडी ड्रग एवं डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मोईन पिता इरफान मेवाती (21) और शेरू पिता यूनुस खान (21) को गिरफ्तार किया। दोनों खानपुरा स्थित नारायण नगर के निवासी बताए गए हैं। मामले में मजीद खान पिता इफ्तिकार खान, निवासी काजी चौक, मंदसौर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बाइक और दो मोबाइल भी जब्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी ड्रग और 4 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा के अलावा करीब 70 हजार रुपए कीमत की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP14ZA1036) जब्त की है। इसके साथ ही करीब 20 हजार रुपए कीमत के वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे आरोपी-
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थों की कथित सप्लाई और इनके स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई-
पुलिस के अनुसार कार्रवाई एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने पुलिस टीम का नेतृत्व किया। एडिशनल एसपी एस. बघेल ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।