नीमच। शहर की टीचर्स कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 11.47 बजे वरिष्ठ अभिभाषक सुरेंद्र पटवा के घर के बाहर उस समय हलचल मच गई, जब दो युवतियां घर की छत के पास मौजूद पेड़ से नीचे उतरकर वहां से जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं। घटना का करीब 15 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों युवतियां पेड़ से उतरने के बाद तेजी से मौके से जाती दिखाई दे रही हैं।
परिवार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवतियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दोनों युवतियां घर की छत के पास मौजूद पेड़ से नीचे उतरती हैं और इसके बाद कुछ ही देर में वहां से निकल जाती हैं। घटना दिनदहाड़े होने के कारण कॉलोनी में भी चर्चा का विषय बन गई।
वरिष्ठ अभिभाषक सुरेंद्र पटवा ने बताया कि घटना के समय वे नाथद्वारा गए हुए थे। परिवार की ओर से उन्हें घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो युवतियों के घर की छत के पास मौजूद पेड़ से उतरकर जाते हुए दिखाई देने की जानकारी मिली है।
पटवा के अनुसार, उनके नीमच पहुंचने के बाद घर की जांच करने पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि घर से कोई सामान गायब हुआ है या नहीं। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी पुलिस को भी दी जाएगी। परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि इससे पहले भी घर को लेकर चोरी अथवा चोरी के प्रयास जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दिए जाने की बात कही गई है। दोनों युवतियां घर की छत के पास किस उद्देश्य से पहुंची थीं और घर में वास्तव में किसी प्रकार की चोरी हुई है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।