मनासा। नगर के रामपुरा रोड स्थित टाटा शोरूम के पास एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अज्ञात बदमाश ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना 12 सितंबर की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। बदमाश दुकान से करीब 4 हजार रुपए नकद, 3-4 ब्लूटूथ एफएम स्पीकर सहित अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गया।
दुकान संचालक मांगीलाल (39) पिता रामनिवास मेघवाल, निवासी हरकियाखाल, हाल मुकाम मनासा, रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद दुकान के अंदर सामान की जांच करने पर चोरी की वारदात का पता चला।
सूचना मिलने पर मनासा पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तड़के करीब 4रू05 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान के अंदर दिखाई दे रहा है, जो काउंटर और रैक से सामान समेटता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पीड़ित दुकान संचालक की शिकायत पर मनासा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।