गरोठ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो अवैध अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चांदखेड़ी निवासी तुफान पिता शिवलाल मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14 MS-3352 से अवैध अफीम लेकर कछालिया तिराहा होते हुए पिपल्या मिट्टेशाह की ओर जाने वाला है। सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक जसराज सिंह चंदेल की टीम ने कछालिया रोड स्थित गज्जाखेड़ी फंटा, गरोठ पर कार्रवाई करते हुए तुफान को पकड़ा।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम के परिवहन में प्रयुक्त आई स्मार्ट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पूछताछ में तुफान ने बताया कि वह अफीम दरियावसिंह पिता उंकारसिंह निवासी सेमलीरूपा से लेकर आया था और इसे श्रवणसिंह पिता कालुसिंह निवासी पिपल्या मिट्टेशाह को देने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान दरियावसिंह को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं श्रवणसिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: तुफान पिता शिवलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी चांदखेड़ी, थाना शामगढ़ तथा दरियावसिंह पिता उंकारसिंह, उम्र 65 वर्ष, निवासी सेमलीरूपा, थाना गरोठ।
जब्त सामग्री: 2 किलो अफीम कीमत करीब 3 लाख रुपये, सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत करीब 20 हजार रुपये तथा आई स्मार्ट मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14 MS-3352 कीमत करीब 50 हजार रुपये।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक जसराज सिंह चंदेल एवं पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।