चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध टाटा हैरियर कार से 173.750 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। मादक पदार्थ को 10 प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार चालक सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त टाटा हैरियर कार भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देश एवं पुलिस उप अधीक्षक भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी भदेसर विनोद मेनारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार को सर्कल गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टाटा हैरियर कार का पीछा कर उसे रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर 10 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 173.750 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा मिला।
दो आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज-
पुलिस ने मौके से कार चालक मुकेश कुमार जाट (42) पुत्र शान्तिलाल जाट, निवासी गुड्डाखेड़ा, थाना सदर निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ तथा उसके साथी पवन सेन (24) पुत्र लालचन्द सेन, निवासी गुड्डाखेड़ा, थाना सदर निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिक प्रावधानों के तहत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में हैडकांस्टेबल डालचन्द, कांस्टेबल प्रकाश, अरविन्द, नरेन्द्र, धर्मेन्द्र एवं चालक भैरूलाल शामिल रहे। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान थाना भादसौड़ा के थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है।