नीमच। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग, भोपाल द्वारा पूर्व आयोग मित्र डॉ. कृष्ण कुमार जैन एवं माया लालवानी को नीमच जिले के भौगोलिक क्षेत्र के लिए आगामी एक वर्ष की अवधि हेतु पुनः आयोग मित्र नियुक्त किया गया है।
आयोग के शोध अधिकारी संजय कुमार विश्वकर्मा द्वारा 16 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार, दोनों आयोग मित्र अपनी दक्षता एवं योग्यता के आधार पर मानव अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निष्ठापूर्वक निस्वार्थ एवं मानसेवी सेवाएं प्रदान करेंगे। साथ ही वे आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे।
आयोग मित्र संचालन स्कीम के तहत आयोग मित्रों से यह अपेक्षा भी की गई है कि उनके कार्यक्षेत्र में सामने आने वाले विभिन्न मानव अधिकार संबंधी विषयों का समुचित सामाजिक अध्ययन कर वे आयोग को आवश्यक सुझाव एवं जानकारी प्रेषित करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर मानव अधिकारों से जुड़े मामलों को आयोग के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. कृष्ण कुमार जैन एवं माया लालवानी पूर्व सत्र में भी नीमच जिले के आयोग मित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आयोग द्वारा उनके द्विवार्षिक कार्यों के मूल्यांकन के बाद आगामी एक वर्ष के लिए उनका कार्यकाल पुनः बढ़ाया गया है।
आयोग की ओर से जारी नियुक्ति पत्र की प्रतिलिपि नीमच कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।