सरवानिया महाराज। समीपस्थ ग्राम पंचायत बांगरेड़ में खेत के बीच बने खाद के ढेर पर करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से किसान में हलचल मच गई। किसान भाव सिंह ने इसकी सूचना वन विभाग की दड़ोली रेंज को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, भाव सिंह के खेत में देशी खाद की रोड़ी पर कद्दू की बेल के पास अजगर कुंडली मारकर बैठा था। सूचना मिलने पर वनरक्षक गोपालपुरी गोस्वामी, वाहन चालक दीपक प्रजापति, राहुल सोनी सहित टीम मौके पर पहुंची और करीब 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को उचित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ दिया गया।
वन विभाग रेंज दड़ोली के डिप्टी रेंजर अंतिम हरित ने बताया कि वर्षा ऋतु में जंगली जीवों का आबादी वाले क्षेत्रों में आना सामान्य है। बारिश के कारण उनके प्राकृतिक आवास में पानी भरने से वे सुरक्षित स्थान की तलाश में बाहर निकल आते हैं। ऐसी सूचनाएं मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू करती है।