नीमच। पुलिस अधीक्षक जिला नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में स्थायी एवं फरारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में 7 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिंगोली थाना पुलिस टीम ने माननीय विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट जावद के प्रकरण क्रमांक 07/20 एवं अपराध क्रमांक 164/19 में धारा 8/18, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में 7 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी गिरफ्तारी वारंटी पप्पू पिता टेकचंद जाट, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम रूपाखेड़ी, थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना सिंगोली की टीम ने थाना भदेसर पुलिस की मदद ली। संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
उक्त कार्रवाई में थाना सिंगोली के प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल, आरक्षक अमित सिंह सख्तावत एवं आरक्षक महेंद्र कछावा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं थाना भदेसर प्रभारी विनोद मेनारिया तथा आरक्षक अरविंद, रतन सिंह, आनंद एवं राजेंद्र का भी सहयोग रहा।