चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में अपराध गोष्ठी लेकर जिले में अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एएसपी मुख्यालय गजेन्द्र सिंह, एएसपी अशोक मीणा, एएसपी सुगन पंवार सहित जिले के डीवाईएसपी, थानाधिकारी एवं अनुसंधान अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भारतीय न्याय संहिता, स्थानीय एवं विशेष अधिनियम, निरोधात्मक कार्रवाई, वाहन चोरी, महिला अत्याचार तथा एससी/एसटी एक्ट से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। लंबित अनुसंधान, चालान एवं एफआर, री-ओपन प्रकरण तथा धारा 193(9) बीएनएसएस के मामलों की प्रकरणवार समीक्षा कर अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा POCSO, दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के लंबित मामलों, 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा में प्रकरणों के निस्तारण, ई-साक्ष्य, ई-समन तथा संगठित अपराध से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई।
साइबर अपराधों की थानावार स्थिति और उनकी रोकथाम के लिए संचालित अभियानों की समीक्षा करते हुए एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।