नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को रेडक्रॉस परिसर स्थित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित कक्षाओं, बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा परिसर में चल रहे जीर्णाेद्धार एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जीर्णाेद्धार कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फ्लोरिंग में गुणवत्तापूर्ण टाइल्स लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर एंटी-स्किड टाइल्स का उपयोग करने को कहा। साथ ही परिसर में उचित पेंटिंग और आवश्यकतानुसार सौंदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परिसर में पानी टपकने की समस्या को देखते हुए छत की वाटरप्रूफिंग एवं आवश्यक मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार कार्य व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए किए जाएं, ताकि केंद्र में आने वाले दिव्यांग बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री सौरभ गहलोत को निर्देशित किया कि जीर्णाेद्धार एवं मरम्मत कार्य 17 अक्टूबर से पहले अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
इस दौरान कलेक्टर ने पुनर्वास केंद्र में संचालित कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से संवाद कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित छात्रावास का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित पुनर्वास केंद्र के कर्मचारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।