चित्तौड़गढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने शनिवार शाम सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनकी पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को गिरफ्तार किया।
ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर डिकॉय किया और महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने, फब्तियां कसने तथा अनावश्यक रूप से पीछा करने वाले युवकों की पहचान की। महिला पुलिसकर्मियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस जाप्ता तत्काल मौके पर पहुंचा और संदिग्ध युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।
तीन सेक्टर में बांटी टीम-
डिकॉय ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में एएसआई सत्यनारायण एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों को तीन सेक्टर में विभाजित किया गया। महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में डिकॉय के लिए तैनात किया गया, जबकि पुलिस जाप्ते को कुछ दूरी पर मौजूद रखा गया। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संदिग्धों की पहचान कर सूचना देने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती रही।
कई स्थानों पर चलाया अभियान-
पुलिस के अनुसार चामटी खेड़ा चौराहा, भगत सिंह पार्क, कुकड़ा रिसोर्ट-भोईखेड़ा रोड, पुराना पेट्रोल पंप-जेल के पास, रेलवे स्टेशन, 10 नंबर गली पुरानी आबादी सेंती और कपासन चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया।
जिला पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के डिकॉय ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी तथा महिलाओं और बालिकाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।