गरोठ/भानपुरा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहे पर कार्रवाई करते हुए एक पति-पत्नी को 6 किलो 82 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की कीमत करीब 12 लाख रुपए है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुधाखेड़ी बायपास तिराहे से अफीम लेकर कुछ लोग गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान ग्राम भदाना, थाना रामपुरा, जिला नीमच निवासी सत्यनारायण पिता मांगीलाल मीणा (42) और उसकी पत्नी राधाबाई पति सत्यनारायण मीणा (38) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 6 किलो 82 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था और तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला और पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय बुन्देला सहित भानपुरा पुलिस टीम की भूमिका रही।