मंदसौर। शामगढ़ थाना क्षेत्र के मेलखेड़ा के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार जितेंद्र भाना को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल को पहले शामगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र भाना शनिवार को मनासा के पास स्थित अपने गांव पर्दा में बहन के यहां गए थे। सोमवार दोपहर वे वहां से वापस लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे मेलखेड़ा के पास उनकी एक्टिवा क्रमांक एमपी-14-जेडएफ-6135 को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके हाथ, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल जितेंद्र को शामगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब सवा 11 बजे उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार शुरू किया गया। परिजनों के अनुसार सिर, चेहरे और होंठ पर गंभीर चोटों के कारण 20 से अधिक टांके लगाए गए हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शामगढ़ में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हुई, गरोठ से बुलानी पड़ी-
जितेंद्र को शामगढ़ से मंदसौर रेफर किए जाने के दौरान सिविल अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद गरोठ नगर पंचायत की एंबुलेंस को गरोठ से शामगढ़ बुलाया गया। एंबुलेंस पहुंचने के बाद घायल को मंदसौर जिला अस्पताल भेजा जा सका।
शामगढ़ से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में रोगी कल्याण समिति सहित दो एंबुलेंस उपलब्ध हैं, लेकिन दोनों के लिए एक ही ड्राइवर है। हादसे के समय शामगढ़ की एंबुलेंस एक अन्य मरीज को मंदसौर छोड़ने गई थी। दूसरी एंबुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद ड्राइवर नहीं होने के कारण उसे भेजना संभव नहीं हो सका।
2015 तक पोषण पुनर्वास केंद्र में किया काम-
परिजनों के अनुसार जितेंद्र भाना वर्ष 2015 तक पोषण पुनर्वास केंद्र में कार्यरत थे। वर्तमान में वे कॉस्मेटिक्स आइटम की सेल्स का काम करते हैं। उनकी पत्नी रीना झिजोरिया गरोठ महिला एवं बाल विकास विभाग में सीडीपीओ के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।