चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना मंगलवाड़ ने भैंस चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 2 लाख रुपए कीमत की चोरी गई तीन भैंसें बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कालबेलिया बस्ती नंगावली निवासी भैरूलाल कालबेलिया ने रिपोर्ट दी थी कि उसके बाड़े में उसकी दो भैंसें तथा उसके भतीजे नरेंद्र की एक भैंस बंधी हुई थी। 5 सितंबर 2026 को दिन में अज्ञात व्यक्ति तीनों भैंसें चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर मंगलवाड़ थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचंद्र सिंह के निकटतम सुपरविजन में तथा थानाधिकारी मंगलवाड़ भवानी शंकर के नेतृत्व में एएसआई भैरूलाल मय जाप्ता कांस्टेबल टंवर सिंह, गजेंद्र सिंह, चंद्रशेखर एवं रामनारायण की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर लगे कैमरों के साथ होटल एवं ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने कन्हैयालाल कीर उर्फ काना उर्फ काना उस्ताद, पिता बाबूलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी इंद्रा कॉलोनी गिलूंड, थाना रेलमंगरा, जिला राजसमंद से पूछताछ की और उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई तीनों भैंसें बरामद कर ली गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) में भेज दिया गया। प्रकरण में एक अन्य आरोपी को नामजद किया गया है तथा मामले की जांच जारी है।