गरोठ। भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी चोरी करने के मामले में गरोठ पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम कटिंग गैंग का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपए की चोरी की राशि, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, गैस कटर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एटीएम के पार्ट्स और मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी एटीएम कटिंग, चोरी, लूट एवं धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल रहे हैं। गिरोह द्वारा मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में भी एटीएम कटिंग की वारदातें किए जाने की जानकारी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह अब तक करोड़ों रुपए की एटीएम नकदी चोरी कर चुका है।
29-30 अगस्त की रात काटा था एटीएम-
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को बैंक ऑफ इंडिया गरोठ के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विनोद कलोरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29-30 अगस्त की दरमियानी रात भानपुरा रोड स्थित बैंक के एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से काटकर नकदी चोरी कर ली। रिपोर्ट पर थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(e) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक हजार से अधिक CCTV फुटेज खंगाले-
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में साइबर सेल और डॉग स्क्वायड टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब एक हजार CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कोटा, बूंदी, जयपुर, भरतपुर, कासगंज, नूंह मेवात और गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर की गई। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पिता सिकंदर खान (23), निवासी कोटा, राजस्थान; शहजाद उर्फ चिकू पिता ईशव (24), निवासी ग्राम मसीद, थाना तावड़, जिला नूंह, हरियाणा; तथा मानपाल सिंह पिता अशरफीलाल (30), निवासी किशोरपुर, थाना कोतवाली, जिला कासगंज, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी शिवकुमार लोधी, निवासी मोसमपुर, थाना कासगंज, जिला कासगंज उत्तरप्रदेश, फरार बताया गया है।
बिना गार्ड वाले एटीएम को बनाते थे निशाना-
पुलिस की पूछताछ के अनुसार आरोपी पहले ऐसे एटीएम की रेकी करते थे, जो भीड़भाड़ वाले स्थान से अलग और बिना सुरक्षा गार्ड के हों। इसके बाद एटीएम के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों पर नजर रखी जाती थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एटीएम के कार्ड स्लॉट में पर्ची फंसाकर उसे ब्लॉक करने का प्रयास करते थे, ताकि ग्राहक मशीन से रुपए नहीं निकाल सकें। वारदात के दौरान चेहरे ढंकने के लिए फेस कवर और अन्य साधनों का इस्तेमाल किया जाता था।
CCTV कैमरों पर केमिकल स्प्रे कर करते थे ब्लाइंड-
पुलिस के अनुसार गिरोह का एक सदस्य एटीएम के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों पर केमिकल स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय करने का प्रयास करता था। इसके बाद गैस कटर चलाने में माहिर सदस्य कुछ ही मिनटों में एटीएम मशीन को काटकर कैश ट्रे निकाल लेता था। गिरोह के अन्य सदस्य आसपास निगरानी रखते थे। नकदी निकालने के बाद सभी आरोपी वाहन से मौके से फरार हो जाते थे।
पहले भी कई राज्यों में एटीएम काटने का दावा-
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शहजाद ने वर्ष 2021 में साथियों के साथ मुरैना जिले के जोरा रोड स्थित एसबीआई एटीएम को काटकर करीब 25 लाख रुपए चोरी किए थे। वर्ष 2022 में राजस्थान के सायला, जिला जालोर में एसबीआई एटीएम से करीब 2.63 लाख रुपए चोरी करने की वारदात में शामिल होना बताया गया है।
इसी तरह वर्ष 2022 में मानपाल और शहजाद द्वारा उत्तरप्रदेश के एटा बस स्टैंड स्थित एक्सिस बैंक एटीएम को काटकर करीब 25 लाख रुपए चोरी करने की जानकारी पुलिस ने दी है। वर्ष 2023 में मेरठ में एक्सिस बैंक एटीएम कटिंग की वारदात में भी दोनों के शामिल होने का दावा किया गया है।
वर्ष 2023 में शहजाद द्वारा साथियों के साथ मुरैना जिले के सबलगढ़ में एसबीआई एटीएम काटकर करीब 21 लाख रुपए चोरी करने तथा वर्ष 2025 में मानपाल और शहजाद द्वारा गुना में एसबीआई एटीएम से करीब 4.50 लाख रुपए चोरी करने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार शहजाद गुना और मेरठ सहित अन्य मामलों में वारदात के बाद से फरार चल रहा था।
करीब 11.60 लाख रुपए की सामग्री जब्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से गरोठ एटीएम से चोरी की गई करीब 6 लाख रुपए की राशि बरामद की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक RJ02TA1545, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए है, दो ऑक्सीजन सिलेंडर मय गैस कटर उपकरण, कटे हुए एटीएम की कैश ट्रे एवं रिजेक्शन बॉक्स तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जब्त सामग्री में 6 लाख रुपए नकद, करीब 4 लाख रुपए कीमत की कार, 50 हजार रुपए के गैस कटर उपकरण व सिलेंडर, 10 हजार रुपए कीमत के एटीएम पार्ट्स तथा करीब 1 लाख रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।