शाजापुर। थाना कोतवाली पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की कान की झुमकी, चांदी का कमर का करदौना, 21 हजार रुपए नकद और एक गैस टंकी सहित करीब 90 हजार रुपए कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है।
घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात-
पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को फरियादिया रामकन्या नाहर निवासी हाट मैदान, महुपुरा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर अलमारी से एक जोड़ी सोने की कान की झुमकी, चांदी का कमर का करदौना, 21 हजार रुपए नकद और भारत गैस की खाली टंकी चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 305(ए), 331(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला ने पुलिस टीम गठित की।
विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें दो संदिग्ध युवक गैस टंकी ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उनकी पहचान विशाल पिता नंदकिशोर मंडोवर (22) निवासी महुपुरा और रोहित उर्फ कल्ला पिता माखनलाल जाटव (20) निवासी महुपुरा के रूप में की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से सोने की कान की झुमकी, चांदी का कमर का करदौना और 21 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। गैस टंकी आरोपियों द्वारा महुपुरा निवासी जितेंद्र की दुकान पर बेचने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने वहां से टंकी भी बरामद कर ली।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला, उपनिरीक्षक राहुल पोरवाल, प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर, आरक्षक हेमराज, शिशुपाल गुर्जर, मुकेश धाकड़ एवं रामप्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।