नीमच। बुधवार दोपहर जमुनिया कला के समीप राजस्थानी ढाबे के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। नीमच से मंदसौर की ओर जा रहे वाहन क्रमांक आरजे 17 जीए 9015 की चपेट में आने से लीला पिता अमृतलाल पटवा, निवासी नई आबादी जमुनिया कला, गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, लीला ढाबे के पास से निकल रही थीं। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला को बचाया नहीं जा सका।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट कमलेश रावत महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर से परिवार में पसरा मातम-
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या में रही लीला की सड़क हादसे में अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना के बाद जमुनिया कला में भी शोक का माहौल रहा।
वाहन जब्त, फरार चालक की तलाश-
हादसे की सूचना पर नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।